प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित महिला सम्मेलन में भाजपा महानगर के बूथों से दस महिलाओं को पहुंचाने का लक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित महिला सम्मेलन में भाजपा महानगर के बूथों से दस महिलाओं को पहुंचाने का लक्ष्य


वाराणसी, 23 अप्रैल(हि. स.)। वाराणसी में भारतीय जनता पार्टी के महानगर कार्यालय गुलाब बाग पर महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में महानगर पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं शक्ति केंद्र संयोजक की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि नारी शक्ति वंदन बिल को जिस तरह से लोकसभा में विपक्ष के लोगों ने पास नहीं होने दिया और नारी का अपमान किया, उसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बीएलडब्ल्यू के मैदान में 28 अप्रैल को महिला सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं को संबोधित करेंगे। इसके लिए बीएलडब्लू के मैदान में महानगर के समस्त बूथों से 10-़10 महिलाओं को पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उसके लिए महिलाओं के साथ-साथ महानगर के पदाधिकारी को शक्ति केंद्र संयोजक बनाया गया है। कार्यक्रम स्थल पर महिलाएं अपने निजी साधन से जाएंगी। इसके अलावा प्रत्येक शक्ति केंद्र पर बस एवं टोटो की भी व्यवस्था की जाएगी। महिलाओं की अनुमति से ही उन्हें ले जाया जाएगा।

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी हो इसके लिए कॉलेज, डिग्री कॉलेज, महाविद्यालय, कोचिंग सेंटर, एनजीओ आदि से भी व्यापक संपर्क किया जाएगा। महानगर से जिन प्रमुख व्यक्तियों को शक्ति केंद्र पर महिलाओं का सहयोग करने की व्यवस्था दी गई है, उसमें महापौर अशोक तिवारी, पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले, पूर्व विधान परिषद सदस्य अश्वनी त्यागी, गुजरात के पूर्व विधायक जगदीश पटेल, केदारनाथ सिंह, राष्ट्रीय परिषद सदस्य सुभाष गुप्ता, दक्षिणी विधायक डाक्टर नीलकंठ तिवारी, प्रदेश मंत्री शंकर गिरी, पूर्व महानगर अध्यक्ष प्रेम कपूर एवं विद्यासागर राय, प्रदेश प्रवक्ता अशोक पाण्डेय, सुधीर मिश्रा प्रमुख रूप से है।

बैठक को क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने भी संबोधित किया और महिलाओं की सूची बनाने को कहा। भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक का संचालन राहुल सिंह ने किया। बैठक में उपस्थित प्रमुख लोगों में महानगर महामंत्री जगदीश त्रिपाठी, अशोक पटेल, साधना वेदांती, रचना अग्रवाल, चंद्रशेखर, अशोक यादव, अशोक पाण्डेय, आत्मा विश्वेश्वर, मधुकर चित्रांश, मधुप सिंह, पंकज चतुर्वेदी के साथ भाजपा के कई मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story