प्रधानमंत्री मोदी के 76 वें जन्मदिवस पर 76 बटुकों ने 76 लीटर दूध से किया मां गंगा का अभिषेक, विधायक डॉ.नीलकंठ रहे मौजूद
वाराणसी, 17 सितम्बर(हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76 वें जन्मदिन के मौके पर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 76 बटुक ब्राह्मणों ने मां गंगा में दुग्धाभिषेक, शंखनाद कर अपना आशीर्वाद दिया। गुरुवार को प्रातः सात बजे से अहिल्याबाई घाट पर विधायक डॉक्टर नीलकंठ तिवारी की मौजूदगी में बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा का पूजन किया। इसके बाद श्री अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्य आश्रम व श्री शास्त्रार्थ महाविद्यालय के 76 बटुक ब्राह्मणों ने आचार्य उदित नारायण मिश्र के नेतृत्व में 76 लीटर केशर जल व दूध से माँ गंगा का अभिषेक किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व राज्यमंत्री व शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि आज देवशिल्पी विश्वकर्मा की भी जयंती हैं, अगर हम अपने राष्ट्र के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आधुनिक भारत का शिल्पी कहे तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। नरेंद्र मोदी का दूरदर्शी एवं राष्ट्रहित सर्वोपरि नेतृत्व सबका साथ-सबका विकास और सबका प्रयास रहा है।
कार्यक्रम संयोजक वरिष्ठ भाजपा नेता व विप्र समाज के अध्यक्ष डा. पवन कुमार शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने काशी के विकास को नई दिशा दी। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण, घाटों का सौंदर्यीकरण, बेहतर कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के विकास से काशी का स्वरूप बदला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गंगा नदी के प्रति दृष्टिकोण आस्था, सांस्कृतिक धरोहर और इसके संरक्षण (सफाई) पर आधारित है।
इस अवसर पर डा. पवन शुक्ला, प्रदीप श्रीवास्तव, आशुतोष द्विवेदी, नवीन कसेरा, महंत रमेश तिवारी लिंगिया महाराज, संजय उपाध्याय, आकाश पाठक, सुनील यादव सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व बटुक शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

