प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीब महिलाओं की बदली जिंदगी
हमीरपुर, 13 मई (हि स.)। केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास याेजना कई लाेगाें के जीवन में बदलाव ला रही है। ऐसा ही बदलाव उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में रहने वाले एक परिवार के जीवन में आया है। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा नगर की सगुन का जीवन कभी अभावों और कठिनाइयों से घिरा हुआ था। उनका परिवार वर्षों तक एक जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। बरसात के दिनों में छत टपकती थी। परिवार को रातभर जागकर समय बिताना पड़ता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान बनवाना उनके लिए केवल एक सपना था।
सगुन के पति मजदूरी एवं छोटी परचून की दुकान के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करते थे। सीमित आय में बच्चों की पढ़ाई और दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करना ही कठिन था। ऐसे समय में उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी की जानकारी मिली और उन्होंने योजना के अंतर्गत आवेदन किया। स्थानीय निकाय एवं डूडा कार्यालय के सहयोग से उनका आवेदन स्वीकृत हुआ तथा उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त हुई।
योजना के अंतर्गत मिली सहायता से उनका पक्का एवं सुरक्षित घर बनकर तैयार हुआ। नए घर में पक्की छत, सुरक्षित दीवारें, शौचालय एवं स्वच्छ वातावरण की सुविधा उपलब्ध हुई। अब उनका परिवार सम्मान और सुरक्षा के साथ जीवन व्यतीत कर रहा है। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिला तथा परिवार में आत्मविश्वास और खुशहाली आई है।
सगुन प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी को गरीब परिवारों के लिए वरदान बताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त करती हैं। उनका कहना है कि यह योजना केवल घर नहीं देती, बल्कि गरीब परिवारों को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी प्रदान करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

