प्लास्टिक मुक्त मीरजापुर की पहल तेज, डीएम ने प्लांट का किया निरीक्षण
मीरजापुर, 21 मार्च (हि.स.)। प्लास्टिक प्रदूषण को मानव सभ्यता के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए प्रशासन ने जनपद को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने शनिवार को प्लास्टिक प्रोसेसिंग प्लांट का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बताया कि प्लास्टिक से पर्यावरण, जल और भूमि प्रदूषण बढ़ रहा है, जिससे खेती की उत्पादकता भी प्रभावित हो रही है। नालियों के जाम होने, पशुओं द्वारा प्लास्टिक खाने से उनकी मृत्यु तथा प्लास्टिक जलाने से सांस सम्बंधी बीमारियां फैलने जैसी समस्याएं भी गंभीर हैं। प्लांट में प्लास्टिक कचरे को पहले टुकड़ों में काटकर धोया जाता है, फिर सुखाकर उसे दानों (ग्रेन्यूल) में परिवर्तित किया जा रहा है। इन दानों को विभिन्न कम्पनियों को बेचा जाएगा, जिससे प्राप्त धनराशि ग्राम पंचायतों को उनके संग्रहित प्लास्टिक के वजन के अनुसार दी जाएगी।
डीएम ने निर्देश दिया कि सभी ग्राम पंचायतों से नियमित रूप से प्लास्टिक कलेक्शन कराया जाए और प्लांट को रोज संचालित रखा जाए। साथ ही स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्लांट संचालन के लिए मानदेय तय करने की बात कही। उन्होंने इसे प्लास्टिक मुक्त जनपद की दिशा में अभिनव पहल बताते हुए कहा कि इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्राम पंचायतों की आय में भी वृद्धि होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

