परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने देवरिया में रोपे पौधे

WhatsApp Channel Join Now
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने देवरिया में रोपे पौधे


देवरिया, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर ने देवरिया जनपद में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पांच लाख 27 हजार पौधे रोपित करने के लक्ष्य के साथ वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया। एसएसबीएल इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि जलवायु संतुलन और पर्यावरण संरक्षण में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वृक्षारोपण से ही पर्यावरण को सुरक्षित और संरक्षित रखा जा सकता है। भारतीय संस्कृति में वृक्षों और नदियों को पूजनीय माना गया है, जिसका उद्देश्य प्रकृति के प्रति सम्मान और संरक्षण की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी लोगों से एक पेड़ मां के नाम लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी और स्थायी उपाय है। उन्होंने नागरिकों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की। इस मौके पर अन्य जनप्रतिनिधि और जिले अधिकारी गण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story