(अपडेट) ब्लास्टिंग के दौरान डग धंसा, चार श्रमिकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) ब्लास्टिंग के दौरान डग धंसा, चार श्रमिकों की मौत


मीरजापुर, 05 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में अहरौरा के भगौतीदेई स्थित एक क्रशर प्लांट में शनिवार दोपहर ब्लास्टिंग के दौरान डग धंसने से मलबे में दबकर सोनभद्र के चार श्रमिकों की मौत हो गई। पुलिस ने शवाें का पंचनामा भरकर पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, डीआईजी पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक घटनास्थल पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर हादसे की पूरी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच के निर्देश दिए थे।

जिलाधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान साेनभद्र जिले के जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गांवा गांव निवासी लाल बहादुर, अशोक, राकेश और दुर्योधन के रूप में हुई। ये सभी मजदूर अन्य लाेगाें के साथ चार दिन पहले मजदूरी करने मीरजापुर आए थे। शनिवार को क्रशर प्लांट में ब्लास्टिंग के समय अचानक डग धंस गया और चार श्रमिक मलबे में दब गए, जिनकी मौत हो गई।

पुलिस काे जांच में पता चला है कि चारों मृतक परिवार के कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से कई बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। राकेश की पत्नी गर्भवती है। पति की मौत की खबर सुनकर वह बदहवास हाे गई है। अशोक पूर्व ग्राम प्रधान का बेटा और चार भाइयों में से एक था। माता-पिता से अलग रहता था। उसके दो बेटे और दो बेटियां हैं। दुर्योधन दो भाइयों में से एक था और अपनी मां के साथ रहता था। उसके दो बेटे और एक बेटी हैं। पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। परिवार अभी भी कच्चे मकान में रहकर जीवन यापन कर रहा है।

लाल बहादुर भी माता-पिता से अलग रहते थे। उनके पांच बच्चे हैं। चारों मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रोजी-रोटी कमाने के लिए घर से निकले चार मजदूरों की मौत से बड़गांवा गांव में मातम पसरा गया है। परिवारों के सामने अब बच्चों के पालन-पोषण और जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story