जौनपुर : बेटियों के सपनों को मिली उड़ान, पायलट जारा फारूकी ने छात्राओं से साझा किए अनुभव

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर : बेटियों के सपनों को मिली उड़ान, पायलट जारा फारूकी ने छात्राओं से साझा किए अनुभव


जौनपुर : बेटियों के सपनों को मिली उड़ान, पायलट जारा फारूकी ने छात्राओं से साझा किए अनुभव


जौनपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में “सपने देखने की कोई सीमा नहीं होती, उन्हें पूरा करने के लिए हौसले और मेहनत की जरूरत होती है।” इसी प्रेरक संदेश के साथ मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज में शुक्रवार को जनपद की होनहार पायलट जारा फारूकी का स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर ‘एक उड़ान आसमान की’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का मुख्य संदेश ‘बढ़ेंगी बेटियां, पढ़ेंगी बेटियां, उड़ेंगी बेटियां’ रहा। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने की। उन्होंने मुख्य अतिथि जारा फारूकी समेत अतिथियों का बुकें, स्मृति-चिह्न एवं अंगवस्त्रम भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा, अवसर और उचित मार्गदर्शन मिले तो वे अपनी प्रतिभा के बल पर आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंच सकती हैं। आज बेटियां शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, खेल और विमानन समेत हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं।

मुख्य अतिथि पायलट जारा फारूकी ने छात्राओं से संवाद करते हुए विमानन क्षेत्र में अपने प्रशिक्षण, संघर्ष, कठिनाइयों और सफलता के अनुभव साझा किए। छात्राओं ने पायलट बनने की प्रक्रिया, प्रशिक्षण और विमानन क्षेत्र की चुनौतियों को लेकर सवाल पूछे। जारा फारूकी ने सहजता से उनके सवालों के जवाब देते हुए कहा कि सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन, धैर्य और लक्ष्य के प्रति विश्वास जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

मड़ियाहूं नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष रुखसाना फारूकी ने कहा कि बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता परिवार एवं समाज की प्रगति का मजबूत आधार है। शुगर मिल के जीएम कमाल फारूकी ने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन अहमद अब्बास खान ने किया। इस दौरान समाजसेवी डॉ. शकील, डॉ. जीवन यादव, आरपी सिंह, डॉ. ममता सिंह, डॉ. सतीश दुबे, अभिषेक श्रीवास्तव, डॉ. आशुतोष त्रिपाठी, डॉ. आशीष श्रीवास्तव, फरहीन, शिक्षक-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। जारा फारूकी के साथ छात्राओं का संवाद कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story