बारिश के बीच गड़बड़ा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 60 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
बारिश के बीच गड़बड़ा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 60 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन


मीरजापुर, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में सोमवार को खराब मौसम और बारिश के बावजूद गड़बड़ा शीतला धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर का कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन के लिए महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। क्षेत्रीय भक्तों के अलावा मध्य प्रदेश के सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज तथा आसपास के जिलों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां शीतला को माला, फूल, नारियल, चुनरी और हलुआ-पूड़ी अर्पित कर विधि-विधान से पूजा की। नवदंपतियों ने सुखी दांपत्य जीवन की कामना की, जबकि कई परिवारों ने बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया।

बारिश के चलते मंदिर परिसर में फिसलन रही, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। भीड़ को देखते हुए हलिया पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही। मंदिर के पुजारी मंगलधारी मिश्र ने बताया कि भोर से शाम तक 60 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए।

गड़बड़ा धाम में दर्शन के दौरान उचक्कों ने दो महिलाओं के गले से सोने की चेन काट ली। पीड़ित महिलालाओं में राजपुर गांव निवासी आरती देवी और मध्य प्रदेश के खटखरी गांव निवासी सुषमा देवी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story