पेड़ से टकराकर पिकअप पलटी, 29 सवारी घायल
फतेहपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को दर्शन करने प्रतापगढ़ जा रही पिकअप UP71 BT 521 पेड़ से टकराकर पलट गई जिससे पिकअप में सवार 29 लोग घायल हो गये। गंभीर रूप से घायल 07 लोगों को कानपुर रेफर किया गया है। घटना की सूचना पर पुलिस बल ने राहत व बचाव कार्य करते हुए घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। घटना बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुरई के पास हुई।
जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों से बात की, इलाज की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए। कानपुर हैलट भेजे गए घायलों के इलाज के लिए वहां के चिकित्सकों से भी समन्वय स्थापित किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल लोग ग्राम कुरई, थाना बिन्दकी से मनगढ़, जनपद प्रतापगढ़ दर्शन के लिए जा रहे थे। पिकअप के मालिक और चालक साहिल भी वाहन में सवार थे और उन्हें भी चोटें आई हैं। चालक साहिल ने पुलिस को बताया कि चलते समय अचानक स्टीयरिंग और ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया, जिसकी वजह से वाहन बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गया। हालांकि दुर्घटना के असली कारणों की पुष्टि वाहन के तकनीकी परीक्षण और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद ही हो पाएगी।पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घायलों में बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। सूचना मिलते ही बिन्दकी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज फतेहपुर भेजा गया। चिकित्सकों ने 7 घायलों के सिर पर गंभीर चोट देखकर उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

