पिकअप पलटने से युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पिकअप पलटने से युवक की मौत


औरैया, 07 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र में दूध की पिकअप गाड़ी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले 22 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। बीती देर रात शुक्रवार को घर लौटते समय चालक को झपकी आ गई, जिससे पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फफूंद थाना क्षेत्र के सैनपुर गांव निवासी कुलदीप कुमार (२२) पुत्र नंद किशोर दूध की पिकअप गाड़ी चलाता था। शुक्रवार देर रात करीब एक बजे वह दूध का लोडर घर लौट रहा था। फफूंद-अछल्दा मार्ग पर टीकमपुर गांव के पास अचानक झपकी आने से पिकअप अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गया।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी दिबियापुर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक कुलदीप दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। भाई को खोने के गम में दोनों बहनों और अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल है।

थानाध्यक्ष अजय कुमार ने शनिवार को बताया कि हादसे में मृत युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773881 Articles

Share this story