मीरजापुर: सीएमओ के निरीक्षण में पीएचसी प्रभारी मिले गायब, स्टॉक रजिस्टर में गड़बड़ी पर फार्मासिस्ट को लगाई फटकार

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर: सीएमओ के निरीक्षण में पीएचसी प्रभारी मिले गायब, स्टॉक रजिस्टर में गड़बड़ी पर फार्मासिस्ट को लगाई फटकार


मीरजापुर, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. केके मिश्र ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जमालपुर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भाईपुर कला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पीएचसी भाईपुर कला के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष कुमार अनुपस्थित मिले, जिस पर सीएमओ ने नाराजगी जताई।

निरीक्षण के दौरान दवाओं के स्टॉक रजिस्टर का मिलान सही नहीं मिलने पर फार्मासिस्ट सुरेंद्र चौरसिया को कड़ी फटकार लगाई गई।

सीएमओ ने रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश देते हुए वेतन रोकने की चेतावनी भी दी। वहीं बच्चों की जांच में प्रयुक्त मशीन खराब मिलने पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया और उसे शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद सीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने उपस्थिति पंजिका, लेबर रूम, दवा स्टॉक रजिस्टर, दवा मिलान और सोलर पैनल की व्यवस्था का जायजा लिया।

प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राजन सिंह को स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता बनाए रखने, मरीजों के साथ विनम्र व्यवहार करने तथा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई बेहतर रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य शिक्षाधिकारी अनुज कुमार वर्मा, डॉ. मनोज यादव, डॉ. सत्येंद्र सिंह, सुधीर कुमार, राजेश कुमार, अवधेश विश्वकर्मा, श्रवण कुमार, अपर्वल प्रसाद सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story