अनियंत्रित बाइक की टक्कर से पैदल जा रहे युवक की मौत, दो बाइक सवार घायल
मीरजापुर, 18 जून (हि.स.)। चील्ह थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। घटना चील्ह-गोपीगंज मार्ग पर हनुमान नगर के पास की है।
चील्ह थाना क्षेत्र के तिलठी गांव निवासी 22 वर्षीय गोकुल अपने रिश्तेदार भदोही जनपद के ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के महजूदा गांव निवासी 30 वर्षीय रोहित के साथ बाइक से गोपीगंज की ओर से अपने घर तिलठी लौट रहा था। रात करीब नौ बजे हनुमान नगर के समीप पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पैदल जा रहे अनुरुद्धपुर पूरब पट्टी गांव निवासी 22 वर्षीय विधिक चंद्र शर्मा पुत्र पंचलाल शर्मा को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में विधिक चंद्र शर्मा सहित बाइक सवार गोकुल और रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चील्ह पहुंचाया।
अस्पताल में उपचार के दौरान विधिक चंद्र शर्मा की मौत हो गई, जबकि दोनों बाइक सवारों का इलाज जारी है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चील्ह के चिकित्सक डॉ. बृजेश कुमार यादव ने बताया कि एक युवक की मृत्यु हो गई है, जबकि बाइक सवार दोनों घायलों की हालत सामान्य है।
थाना प्रभारी चील्ह वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

