चुनार व समसपुर में दीक्षांत परेड: 670 आरक्षियों ने ली देश सेवा की शपथ

WhatsApp Channel Join Now
चुनार व समसपुर में दीक्षांत परेड: 670 आरक्षियों ने ली देश सेवा की शपथ


मीरजापुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण केंद्र चुनार किला व समसपुर में रविवार को दीक्षांत परेड समारोह का भव्य आयोजन किया गया। आरक्षी नागरिक पुलिस बैच 2025-26 के तहत नौ माह के कठोर आंतरिक एवं बाह्य प्रशिक्षण को पूरा कर कुल 670 आरक्षियों ने देश सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा की शपथ ली।

देशभक्ति गीतों और पीएसी बैंड की मधुर धुनों के बीच चुनार दुर्ग परेड ग्राउंड में 354 तथा समसपुर परिसर में 316 प्रशिक्षुओं ने शानदार मार्च पास्ट किया। परेड कमांडर रुद्र प्रताप सिंह, विकास यादव और अंकित यादव के नेतृत्व में टोलियों ने मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह को सलामी दी।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि नौ माह के प्रशिक्षण में विधि, मानवाधिकार और अपराध विवेचना जैसे आंतरिक विषयों के साथ शारीरिक दक्षता, परेड और शस्त्र संचालन जैसे बाह्य विषयों का गहन अभ्यास कराया गया है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण आरक्षियों को हर चुनौती के लिए तैयार करता है। साथ ही उन्होंने टीम भावना, अनुशासन और साइबर व आर्थिक अपराधों जैसी आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए निरंतर सीखते रहने पर जोर दिया।

पुलिस उपाधीक्षक डाॅ. गणेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जून 2025 से शुरू हुए प्रशिक्षण में 694 में से 670 प्रशिक्षुओं ने अंतिम परीक्षा दी और सभी सफल घोषित हुए। प्रशिक्षुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशिक्षण चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद आत्मविश्वास बढ़ाने वाला रहा। उन्होंने कहा कि अनुशासन, कठिन अभ्यास और टीम भावना ने उन्हें हर परिस्थिति के लिए तैयार किया।

समारोह का संचालन सूबेदार मेजर रामदास यादव ने किया, जबकि सूबेदार मेजर रामआसरे यादव की देख-रेख में परेड सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस अवसर पर आरआई जर्नादन प्रसाद सिंह, एसपीओ दिनेश यादव सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और प्रशिक्षुओं के परिजन उपस्थित रहे।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु सम्मानित:

प्रियांक सरोज – सर्वांग सर्वोत्तम (1290.04 अंक)

अभय यादव – आंतरिक विषयों में सर्वोच्च (710 अंक)

रुद्र प्रताप सिंह – बाह्य विषयों में सर्वोच्च (530.24 अंक)

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story