चलती ट्रेन में चढ़ते समय यात्री गिरा, जीआरपी सिपाही ने बचाया

WhatsApp Channel Join Now
चलती ट्रेन में चढ़ते समय यात्री गिरा, जीआरपी सिपाही ने बचाया


फिरोजाबाद, 28 अप्रैल (हि.स.)।​ जनपद के टूंडला स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय एक यात्री का पैर फिसल गया और वह गिर पड़ा। वह ट्रैक के नीचे जाने वाला था कि मौके पर पहुंचे जीआरपी ने यात्री को बचा लिया।

टूंडला जीआरपी थानाध्यक्ष मोनू कुमार आर्य ने बताया कि मंगलवार को सिपाही हजरत याकूब टूंडला स्टेशन के प्लेटफोर्म पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर छह पर सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन आई। कुछ ही समय में ट्रेन अपने गंतव्य को सकुशल रवाना होने लगी। इसी बीच एक यात्री, भागकर चलती गाड़ी में चढ़ने का प्रयास करने लगा, जिसे देख कर पुलिस टीम ने दौड़कर रोकने का प्रयास किया लेकिन तब तक युवक का चलती गाड़ी में चढ़ते समय पैर फिसल गया। वह गाड़ी के नीचे ट्रैक में जाने लगा। यह देखकर सिपाही हजरत याकूब ने फौरन उस व्यक्ति को चलती ट्रेन के नीचे से खींच कर प्लेट फार्म सकुशल जीवित बाहर निकाल लिया।

थानाध्यक्ष का कहना है कि यदि सिपाही की इस कार्यवाही में क्षण भर का भी विलम्ब हो जाता तो शायद उस व्यक्ति को हम बचा नहीं पाते। पूछताछ में युवक ने अपना नाम प्रयागराज निवासी अन्जनी तिवारी बताया। वह टूण्डला से प्रयागराज की यात्रा करने वाला था। रेलवे के चिकित्सक को मौके पर बुलवाकर युवक को प्रथम उपचार प्रदान कराया गया। पुलिस ने युवक के परिजनों को घटना से अवगत कराया है। इस कार्यवाही के दौरान सिपाही हजरत याकूब को हल्की चोटें और मोबाइल फोन टूट गया। ----------------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story