देश की तरक्की और भावी विकास योजनाओं के लिए स्वगणना कराएं नागरिक : जयवीर सिंह
फिरोजाबाद, 16 नवंबर (हि.स.)। स्वगणना का शुभारंभ सोमवार को हो गया। इसे लेकर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने लखनऊ रवाना होने से पहले सिरसागंज स्थित आवास पर स्वगणना की। इस दौरान मंत्री ने पूछे गए 40 प्रश्नों के उत्तर ऑनलाइन दिए।
पर्यटन मंत्री ने अपने आवास पर वीडियो संदेश जारी करके कहा कि आज मेरी स्वगणना हुई है। इसका प्रमाण पत्र भी मिल गया है। सभी से अपील है कि देश की तरक्की और अपनी भावी विकास योजनाओं से लाभान्वित होने के लिए स्वगणना कराएं। देश के नागरिक होने का फर्ज निभाएं।
जनपद के जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने भी अपने आवास पर पत्नी के साथ बैठकर अपने परिवार की जानकारी स्वगणना के फॉर्म में भरी। डीएम संतोष कुमार शर्मा ने भी सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया का हिस्सा बनें और स्वगणना पोर्टल के माध्यम से अपने और अपने परिवार का विवरण दर्ज करें।
उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 में पहली बार लोगों को स्वयं अपनी गणना करने का अवसर दिया गया है। यह कार्य घर बैठे मोबाइल फोन या लैपटाप से किया जा सकता है। इस दौरान 40 प्रश्नों के उत्तर ऑनलाइन देने होंगे, जो छह भागों में विभाजित हैं। इनमें पहला भाग व्यक्तिगत जानकारी से संबंधित है। वहीं दूसरा भाषा, शिक्षा, तीसरा आर्थिक गतिविधि, चौथा प्रवासन, पांचवां प्रजनन क्षमता और छठवां वित्त एवं डिजिटल पहचान से संबंधित है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

