आस्था और पर्यटन को साथ लेकर चल रही प्रदेश सरकार : जयवीर सिंह
फिरोजाबाद, 03 अप्रैल (हि.स.)। फिरोजाबाद जनपद में पर्यटन विकास को नई रफ्तार मिली है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को मंदिर परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। पर्यटन मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार आस्था और पर्यटन को साथ लेकर चल रही है।
शिकोहाबाद क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई, जब पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने नगला केवल स्थित श्री ब्रह्मदेव, शिवजी एवं बजरंगबली मंदिर के 180.76 लाख रुपये की लागत से होने वाले पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का विधिविधान से पूजन कर शिलान्यास किया। इसी के साथ लागत 152.79 लाख रुपये की लागत से शिव मंदिर बैजुआ में हुए पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण भी किया।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा प्रदेश सरकार आस्था और पर्यटन को साथ लेकर चल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास के मूल मंत्र पर कार्य करते हुए गांव-गरीब, किसान और युवाओं के हितों को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के साथ-साथ अब छोटे-छोटे तीर्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों को भी पर्यटन मानचित्र पर लाया जा रहा है। इन मंदिरों का विकास केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि आर्थिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। हमारा लक्ष्य है कि प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलो को सुविधाओं से सुसज्जित कर श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनाया जाये और धार्मिक स्थलों को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और सशक्त बनाया जाए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के प्रयासों से जनपद फिरोजाबाद में लगातार विकास कार्यों को गति मिल रही है। आज जिन परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है, वे क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होंगी।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कमलेश राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष महेश राजपूत, जिला महामंत्री अजीत राजपूत, सहकारी समिति अध्यक्ष अभिषेक यादव, मंदिर समिति के अरविंद पालीवाल, मंडल अध्यक्ष मंजेश शर्मा, राजवीर राजपूत, पूर्व मंडल अध्यक्ष पंकज राजपूत, कृष्णगोपाल लोधी, ओमप्रकाश राजपूत, रत्नेश राजपूत, पूरन सिंह फौजी आदि लोग उपस्थित रहे ।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

