आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, हर बूथ पर 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य : संजय गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, हर बूथ पर 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य : संजय गुप्ता


17 नवंबर से 26 दिसंबर तक महानगर के सभी 15 मंडलों में चलेगा विशेष अभियान, 18 से 21 वर्ष के युवाओं के होंगे नवमतदाता सम्मेलन

प्रयागराज, 11 नवंबर (हि.स.)। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने नए मतदाताओं को जोड़ने की तैयारी तेज कर दी है। महानगर के सभी 15 मंडलों में 17 नवंबर से 26 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाकर नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाए जाएंगे। प्रत्येक बूथ पर कम से कम 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसकाे लेकर महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से अभियान में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतने और घर-घर संपर्क कर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

बुधवार को सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में महानगर पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों की बैठक हुई। इसमें महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए नए मतदाताओं को जोड़ना प्राथमिकता है। सभी 15 मंडलों में सघन अभियान चलाकर पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने हैं। लोगों को यह भी समझाना है कि पंचायत और विधानसभा चुनाव की मतदाता सूचियां अलग-अलग हो सकती हैं। पिछले चुनाव में विपक्ष की ओर से फैलाए गए भ्रम के कारण कई लोग मतदाता बनने को लेकर असमंजस में रहे थे।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के हर बूथ पर एक वरिष्ठ पूर्व पदाधिकारी या कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देने की योजना बनाई गई है। प्रवासी मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें भी मतदाता सूची में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा। 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को जोड़ने के लिए मंडल स्तर पर नवमतदाता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और नए बूथ संयोजक बनाने पर भी जोर दिया गया। मंडल अध्यक्ष और प्रभारी अपने क्षेत्रों के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से संपर्क करेंगे। इसके लिए 20 से 25 नवंबर तक विशेष संपर्क अभियान चलाया जाएगा। विधानसभा प्रभारी और विस्तारक अपने-अपने क्षेत्रों में प्रवास कर अभियान की निगरानी करेंगे। विचार परिवार के संगठनों के साथ समन्वय बनाकर भी काम किया जाएगा।

इसके अलावा विधानसभा स्तर पर सभी मोर्चों के सम्मेलन आयोजित करने की योजना बनाई गई। बैठक में डॉ. शैलेश पांडेय, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, रमेश पासी, आनंद सोनकर, प्रमोद मोदी, कुंज बिहारी मिश्रा, अनुज कुशवाहा, राजू राय, सचिन जायसवाल, दीप द्विवेदी, राजेश गोंड, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, गया प्रसाद, पारस श्रीवास्तव, अवनीश तिवारी, अनिल मौर्य और श्रवण पाल समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775466 Articles

Share this story