मीरजापुरः मवई कला में ही संचालित होगा धान क्रय केंद्र
मीरजापुर, 01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हलिया ब्लाॅक के मवई कला गांव से धान क्रय केंद्र हटाए जाने के विरोध में किसानों का आंदोलन रविवार को एसडीएम के आश्वासन के बाद स्थगित हो गया। एसडीएम अजीत कुमार ने गांव पहुंचकर किसानों से वार्ता की और संबंधित विपणन अधिकारियों को मवई कला में ही धान क्रय केंद्र संचालित करने का निर्देश दिया।
किसानों ने एसडीएम को बताया कि क्षेत्र में धान का सर्वाधिक उत्पादन होता है। ऐसे में क्रय केंद्र दूसरी जगह स्थानांतरित होने से उन्हें धान बेचने के लिए 10 से 15 किलोमीटर दूर जाना पड़ता। इससे परिवहन खर्च बढ़ने के साथ समय की भी बर्बादी होती। किसानों ने आशंका जताई कि केंद्र हटने से बिचौलियों को फायदा मिलेगा और उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ लेने में परेशानी होगी।
इससे पहले किसानों ने जिलाधिकारी और एसडीएम को ज्ञापन देकर मवई कला में ही क्रय केंद्र संचालित कराने की मांग की थी। रविवार को किसानों की समस्याएं सुनने के बाद एसडीएम ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को केंद्र संचालन का निर्देश दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को धान बेचने में कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। प्रशासन के आश्वासन के बाद किसानों ने अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

