उत्तर प्रदेश में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने किया गठबंधन का ऐलान, सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले लडेंगे विधानसभा चुनाव

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने किया गठबंधन का ऐलान, सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले लडेंगे विधानसभा चुनाव


लखनऊ, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आज़ाद समाज पार्टी के अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर आजाद ने चुनाव गठबंधन कर लिया है। उन्होंने इस गठबंधन का नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा रखा है। इसी मोर्चा के तहत उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में सभी 403 सीटाें पर चुनाव लड़ेंगे और चंद्रशेखर मुख्यमंत्री चेहरा हाेंगे।

गुरुवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दोनों दलों के इन नेताओं ने संयुक्त पत्रकार वार्ता कर इस नए चुनावी गठबंधन की घोषणा की है। दोनों नेताओं एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी और चंद्रशेखर ने बताया कि यह नया मोर्चा उत्तर प्रदेश में सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा और इस गठबंधन का मुख्य उद्देश्य दलित और मुस्लिम वोटों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ युवाओं, किसानों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज़ उठाना है। इस माैके पर आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर ने प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यहां कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं है। दलित व कमजोर वर्ग के लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने एनकाउंटर पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसकी जांच की जानी चाहिए। उन्हाेंने कहा कि उनकी काेशिश कमजाेर, अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा व सम्मान बनाए रखने की है।

उत्तर प्रदेश की नगीना सीट से सांसद आसपा नेता चंद्रशेखर ने कहा कि सपा और कांग्रेस भी अगर भाजपा को हराना चाहें तो हम उनके साथ हैं। हम उनके साथ मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने 26 नवंबर को रमाबाई आंबेडकर मैदान लखनऊ में रैली करने की घोषणा की है। साथ ही कहा कि गठबंधन प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। इस मौके पर एआईएमआईएम के प्रमुख ओवैसी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि चंद्रशेखर मोर्चे के मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775682 Articles

Share this story