दबंग लोगों ने चकमार्ग पर किया अवैध रूप से कब्जा, उपजिलाधिकारी तक पहुंची शिकायत
वाराणसी, 28 जुलाई (हि. स.)। वाराणसी में पिण्डरा के खटौरा गांव निवासी रविनाथ सिंह ने मंगलवार को पिंडरा के उपजिलाधिकारी से मुलाकात कर अपने गांव की समस्या से रूबरू किया। रविनाथ सिंह ने कहा कि आराजी नम्बर 85 से सटा दक्षिण आराजी नम्बर 83 चकमार्ग है व पूरब तरफ आराजी नम्बर 89 चकमार्ग है। वही आराजी नंबर 83 चकमार्ग से सटा दक्षिण पुरानी आबादी है। उक्त आबादी में इन्द्रबली और श्यामबली निवासी ग्राम खटौरा जो धन व जनबल में काफी दबंग व्यक्ति है। उनके द्वारा चकमार्ग पर सोख्ता बनाकर चारा मशीन व ईट वगैरह रखकर अवैध कब्जा कर लिया गया हैं। पूरा रास्ता अवरूद्ध हैं। जिस कारण ग्रामवासियों को काफी परेशानी होती है।
उन्होंने बताया कि उक्त रास्ते पर नापदान का पानी बहाया जाता है, जो चकरोड़ से होते हुए निकट के खेत में जाता है। जिससे कृषक के खेत काश्त नहीं हो पा रहा है। खेत में हमेशा किचड़ बना रहता है और हमारे खेत में कूड़ा करकट फेंकते है। इसमें उनका अपना भी खेत प्रभावित हुआ है।
उपजिलाधिकारी पिंडरा ने रविनाथ की बातों को सुनने के बाद कहा कि उक्त मामले के प्रार्थना पत्र पर जांच के लिए आदेशित किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

