स्वच्छ भारत मिशन के 2,982 आउटसोर्सिंग कर्मचारी एक दिसंबर से करेंगे कार्य बहिष्कार

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छ भारत मिशन के 2,982 आउटसोर्सिंग कर्मचारी एक दिसंबर से करेंगे कार्य बहिष्कार


लंबित मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान, सात दिसंबर को पंचायतीराज मंत्री और निदेशालय का करेंगे घेराव

लखनऊ, 29 नवंबर (हि.स.)। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत प्रदेश के विभिन्न स्तरों पर कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। कंसल्टेंट एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के नेतृत्व में करीब 2,982 कर्मचारी एक दिसंबर 2026 से प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार करेंगे। वहीं, सात दिसंबर को पंचायतीराज मंत्री और पंचायतीराज निदेशालय का घेराव प्रस्तावित है।

एसोसिएशन ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। संगठन का कहना है कि राज्य, मंडल, जनपद और विकास खंड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों की मांगें लंबे समय से लंबित हैं। कई बार पत्राचार किए जाने के बावजूद शासन स्तर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

संगठन ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का मानदेय राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की गाइडलाइन के अनुरूप निर्धारित करने और प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत की वृद्धि करने की मांग की है। इसके साथ ही पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा और 20 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।

एसोसिएशन ने कर्मचारी अभियान के दौरान मृत कर्मियों के आश्रितों को निर्धारित लाभ देने, महिला कर्मचारियों को मानदेय सहित मातृत्व अवकाश की सुविधा उपलब्ध कराने और सभी कर्मचारियों के लिए स्पष्ट मानव संसाधन (एचआर) नीति लागू करने की भी मांग की है।

इसके अलावा मंडल, जनपद और विकास खंड स्तर पर कर्मचारियों के पारस्परिक स्थानांतरण की व्यवस्था लागू करने तथा मानदेय से काटे गए जीएसटी और सर्विस टैक्स की धनराशि कर्मचारियों के बैंक खातों में वापस करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

प्रदेश अध्यक्ष अनिल केशरी ने बताया कि एसोसिएशन पदाधिकारियों से बातचीत के बाद तय किया गया है कि लंबे समय से मांगों की अनदेखी किए जाने के कारण कर्मचारियों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। संगठन ने लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया है। इसके तहत एक दिसंबर से कार्य बहिष्कार और सात दिसंबर को लखनऊ में पंचायतीराज मंत्री एवं पंचायतीराज निदेशालय का घेराव किया जाएगा। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से कर्मचारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर जल्द निर्णय लेने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785463 Articles

Share this story