नेशनल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंश्योरेंस ऑफिसर्स का द्विवर्षीय महाधिवेशन संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
नेशनल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंश्योरेंस ऑफिसर्स का द्विवर्षीय महाधिवेशन संपन्न


वाराणसी, 19 सितंबर (हि. स.)। वाराणसी के भेलूपुर में एक होटल में नेशनल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंश्योरेंस ऑफिसर्स का द्विवर्षीय महाधिवेशन व त्रैमासिक सम्मेलन अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं पदाधिकारियों द्वारा भारत माता, भगवान विश्वकर्मा तथा भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्रों पर माल्यार्पण, द्वीप प्रज्वलन एवं सुमधुर श्रमिक गीत के साथ हुआ।

द्विवर्षीय महाधिवेशन व त्रैमासिक सम्मेलन की अध्यक्षता वाराणसी यूनिट के अध्यक्ष सुरेश कुमार मिश्रा ने की। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय महासचिव राजेश दुबे ने संगठन की मूल भावना को रेखांकित करते हुए कहा कि हमारी विचारधारा राष्ट्रवाद है। श्रम आंदोलन की वास्तविक सफलता तभी संभव है, जब यह जन-आंदोलन का रूप ले। राष्ट्र का औद्योगिकीकरण, उद्योगों का श्रमीकरण और श्रमिकों का राष्ट्रीयकरण' केवल नारा नहीं, बल्कि हमारे व्यवहार और कार्यशैली का आधार है। संगठन का कार्य ईश्वर का कार्य है, इसलिए सामाजिक उत्तरदायित्वों में हमारी सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है।

उत्तर मध्य क्षेत्र के जोनल सेक्रेटरी संजीव दुबे ने कहा कि पूरे क्षेत्र में संगठन अपनी मूल्यों पर आधारित कार्यशैली और जागरूकता के लिए विशेष पहचान रखता है। वहीं भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ चिंतक विद्यासागर राय ने दत्तोपंत ठेंगड़ी के आदर्शों का स्मरण कराते हुए उद्योग और श्रमिकों के बीच निरंतर समन्वय पर बल दिया।

कार्यक्रम का सफल संचालन अजय प्रताप सिंह ने किया। प्रतिवेदन महामंत्री संजय कुमार सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यवाहक अध्यक्ष राजीव रंजन पाठक ने प्रस्तुत किया।

अधिवेशन में देश, संस्था और कर्मचारियों के सर्वगीण विकास, कार्य-जीवन संतुलन तथा सकारात्मक कार्य माहौल बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस महाधिवेशन में वाराणसी मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र एवं वाराणसी की विभिन्न शाखाओं के सैकड़ों प्रथम श्रेणी अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story