हादसे पर सरकार संवेदनशील, महिला आरक्षण पर विपक्ष बेनकाब : नंदी
मीरजापुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में बरौधा कचार स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कैबिनेट मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता “नंदी” ने ड्रमंडगंज सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है और प्रशासन को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री नंदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं के अधिकार और सम्मान से जुड़ा ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं की भागीदारी को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में कई योजनाएं लागू की हैं।
वहीं, विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) समेत पूरा विपक्ष इस विधेयक का विरोध कर महिलाओं के खिलाफ अपनी मानसिकता उजागर कर चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने बेबुनियाद मुद्दे उठाकर महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों को बाधित करने का प्रयास किया है।
नंदी ने कहा कि आने वाले समय में देश की मातृशक्ति ऐसे दलों को करारा जवाब देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

