फूटा कुआं के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत व दो घायल

WhatsApp Channel Join Now
फूटा कुआं के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत व दो घायल


औरैया, 13 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में फूटा कुआं के पास शुक्रवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की उपचार के दौरान शनिवार काे मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम तुमरिया निवासी राजकुमार (40) शुक्रवार शाम अपनी बाइक से टोल प्लाजा की ओर से फूटा कुआं की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान इटावा की ओर जा रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर नीतेश कुमार (24) पुत्र रामप्रकाश निवासी नेहरू नगर, एटा तथा रोहित (22) पुत्र दिलासाराम निवासी करनपुरा, इटावा सवार थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची हाईवे एंबुलेंस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल पहुंचाया।

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने राजकुमार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सैफई रिम्स रेफर कर दिया, जबकि नीतेश और रोहित का उपचार अजीतमल सीएचसी में जारी है।

शनिवार को सैफई रिम्स में उपचार के दौरान राजकुमार ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।

अनंतराम चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल राजकुमार की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story