विंध्यवासिनी धाम में नवरात्र ड्यूटी कर रहे दरोगा की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

WhatsApp Channel Join Now
विंध्यवासिनी धाम में नवरात्र ड्यूटी कर रहे दरोगा की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती


मीरजापुर, 20 मार्च (हि.स.)। उत्त्तर प्रदेश के मीरजापुर में स्थित विंध्यवासिनी धाम में नवरात्र मेले की ड्यूटी करते समय शुक्रवार को एक दरोगा की अचानक तबीयत बिगड़ गई । उन्हें तत्काल एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां स्वास्थ्य में सुधार हाे रहा है। प्राथमिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है।

जनपद आजमगढ़ के थाना देवगांव निवासी दरोगा राजेंद्र प्रसाद रत्नाकर विंध्यवासिनी धाम के जयपुरिया गेट के पास ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान अचानक उनका बीपी बढ़ गया और वह असहज होकर गिर पड़े। हालत गंभीर होते देख मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया।

मौके पर मौजूद एडीएम अजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत एम्बुलेंस बुलवाई और दरोगा को नजदीकी अस्पताल भेजा। समय रहते अस्पताल पहुंचाए जाने से उन्हें तुरंत चिकित्सकीय सहायता मिल सकी। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। घटना के बाद कुछ देर के लिए मेला क्षेत्र में हलचल बढ़ गई, हालांकि प्रशासन ने स्थिति को शीघ्र सामान्य कर लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story