मीरजापुर : रेड क्रॉस की पहल से टीबी मरीजों को मिला पोषण सहारा

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : रेड क्रॉस की पहल से टीबी मरीजों को मिला पोषण सहारा


मीरजापुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। जनपद को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग के अभियान को मजबूती देते हुए सोमवार को रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से 501 टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के तहत नगर क्षेत्र के 51 मरीजों को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने पोषण पोटली भेंट कर शुरुआत की।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि टीबी पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है, बशर्ते मरीज नियमित रूप से दवा का सेवन करें। उन्होंने लोगों से टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने और मरीजों को उपचार के लिए प्रेरित करने की अपील की। साथ ही रेड क्रॉस सोसाइटी के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए समाज के सक्षम लोगों से सहयोग करने का आह्वान किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सभी ब्लॉकों में पोषण पोटली के वितरण हेतु निर्देश जारी कर दिए गए हैं। रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला अध्यक्ष आषुतोष दुबे ने भविष्य में भी सहयोग जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व चिकित्सक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story