नार्दन रेलवे बहुत जल्द गंज-ए- शहीदा मस्जिद पर एक्शन ले सकता है - अपर मंडल रेल प्रबंधक

WhatsApp Channel Join Now
नार्दन रेलवे बहुत जल्द गंज-ए- शहीदा मस्जिद पर एक्शन ले सकता है - अपर मंडल रेल प्रबंधक


वाराणसी, 21 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में काशी रेलवे स्टेशन के विस्तार में अतिक्रमण बन रही गंज-ए- शहीदा मस्जिद के विषय में नार्दन रेलवे के अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश कुमार ने बताया कि गंज-ए-शहीदा मस्जिद के बाहर नार्दन रेलवे की तरफ से नोटिस लगाया गया है। इसके लिए 20 जून तक का समय मस्जिद की समिति को दिया गया था। इस दौरान मस्जिद समिति के लोगों ने नगर निगम और जिला प्रशासन में अपना पक्ष रखते हुए अधिकारी से बात की है जबकि जमीन का विषय रेलवे से जुड़ा हुआ है। नार्दन रेलवे बहुत जल्द मस्जिद पर एक्शन ले सकता है।

अपर मंडल रेल प्रबंधक ने आगे कहा कि काशी रेलवे स्टेशन के विस्तार के लिए और मल्टी मॉडल हब बनाने के लिए काशी स्टेशन का विस्तार किया जा रहा है। गंज-ए- शहीदा मस्जिद पर एक्शन से पहले हमने एक मस्जिद को जमींदोज किया है। और भी कुछ अतिक्रमण को रेलवे की जमीन से हटाया है। काशी रेलवे स्टेशन अपने भव्य स्वरूप में भविष्य में दिखाई देगा। इसके लिए जो भी बाधा आएगी, उसे हटाया जाएगा।

इससे पहले काशी रेलवे स्टेशन के पास बनी गंज-ए-शहीदा मस्जिद के बाहर नोटिस चस्पा किया गया था। मस्जिद की कस्टोडियन अंजुमन इंतज़ामिया मसाजिद कमेटी ने नोटिस पर सवाल खड़े किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story