उप्र के 09 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला, अनुपम कुलश्रेष्ठ बनी कानपुर की एडीजी

WhatsApp Channel Join Now
उप्र के 09 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला, अनुपम कुलश्रेष्ठ बनी कानपुर की एडीजी


लखनऊ, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को नौ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए गए। इनमें वर्तमान में कानपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक आलोक सिंह को पुलिस महानिदेशक (डीजी) के पद पर पदोन्नति के बाद डीजी पीएसी के साथ-साथ विशेष सुरक्षा बल की जिम्मेदारी दी गई है।

उनकी जगह पर अनुपम कुलश्रेष्ठ को कानपुर जोन का नया एडीजी बनाया गया है। 1995 बैच की आईपीएस अनुपम कुलश्रेष्ठ अभी तक आगरा जोन की इसी पद पर कमान संभाल रहीं थी। जबकि 1998 बैच के आईपीएस एस. के. भगत को उनकी जगह आगरा जोन का एडीजी बनाया गया है। अभी तक आईपीएस भगत उप्र अपराध एडीजी की जिम्मेदारी देख रहे थे।

सरकार की जारी तबादला सूची में अपर पुलिस महानिदेशक यातायात सड़क सुरक्षा ए. सतीश गणेश को वर्तमान जिम्मेदारी के साथ ही अपर पुलिस महानिदेशक अपराध उत्तर प्रदेश की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। महानिदेशक/अपर पुलिस महानिदेशक यूपी पॉवर कॉरपोरेशन जय नारायन सिंह को पुलिस महानिदेशक ईओडब्ल्यू उप्र लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस महानिदेशक, नागरिक सुरक्षा, उप्र के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक, विशेष सुरक्षा बल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे ध्रुवकान्त ठाकुर को पुलिस महानिदेशक होमगार्ड के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक, नागरिक सुरक्षा, उप्र का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। पुलिस महानिदेशक सीआईडी के साथ-साथ साइबर क्राइम का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे बिनोद कुमार सिंह को इन दोनों जिम्मेदारी के अतिरिक्त अब यूपी-112 लखनऊ का प्रभार सौंपा गया है।

इसी तरह उप्र अपर पुलिस महानिदेशक, पीएसी मुख्यालय डॉ. आर. के. स्वर्णकार को इसी पद पर पॉवर कॉरपोरेशन लि. और उप्र पुलिस महानिरीक्षक, अभियोजन गीता सिंह इसी पद पर उप्र प्रशिक्षण निदेशालय लखनऊ की जिम्मेदारी दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story