निधि और आनंद बने आरओ, जिले का बढ़ाया मान

WhatsApp Channel Join Now
निधि और आनंद बने आरओ, जिले का बढ़ाया मान


निधि और आनंद बने आरओ, जिले का बढ़ाया मान


मीरजापुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिले के दो होनहार युवाओं ने लोक सेवा आयोग की समीक्षा अधिकारी (आरओ) परीक्षा 2023 में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जमालपुर क्षेत्र के गौरी गांव निवासी किसान हृदय नारायण पटेल की बेटी निधि पटेल ने 210वीं रैंक प्राप्त की, जबकि जिगना क्षेत्र के बरी दुबे गांव निवासी आनंद दुबे ने 62वीं रैंक हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की।

निधि ने सीमित संसाधनों के बीच घर पर रहकर तैयारी की। उन्होंने हाईस्कूल 2010 में परशुराम मॉडल स्कूल गोगहरा और इंटरमीडिएट 2012 में देवकली इंटर कॉलेज से प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किया। इसके बाद बीएससी (2019) व बीएड (2022) की पढ़ाई महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से पूरी की। प्रारंभिक परीक्षा 27 जुलाई 2025 और मुख्य परीक्षा 1-2 फरवरी 2026 को हुई थी। निधि अपने परिवार की सबसे बड़ी संतान हैं। वहीं आनंद दुबे ने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर मिसाल पेश की। वर्तमान में वह सोनभद्र के चोपन ब्लॉक के जुगेल गांव में प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में तैनात हैं। उन्होंने प्राथमिक शिक्षा गांव के परिषदीय विद्यालय से, हाईस्कूल महाशक्ति इंटर कॉलेज बिहसड़ा से तथा इंटरमीडिएट बीएलजे कॉलेज से किया। इसके बाद केबीपीजी कॉलेज से बीएससी और बीएचयू वाराणसी से बीएड की डिग्री प्राप्त की। दोनों की सफलता पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों व ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई और इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story