नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, ढाई माह पहले हुई थी शादी

WhatsApp Channel Join Now
नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, ढाई माह पहले हुई थी शादी


औरैया, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में एरवाकटरा थाना क्षेत्र के नगला बैस गांव में मंगलवार को विवाह के करीब ढाई माह बाद 20 वर्षीय नवविवाहिता का शव घर के कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए।

नगला बैस निवासी सुरजीत शाक्य का विवाह पांच मई 2026 को मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के नगला श्याम (नैगवां) निवासी शाव्या के साथ हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद ही सुरजीत निजी कंपनी में नौकरी करने दिल्ली चला गया। घर पर उसकी मां नारायनी देवी और छोटा भाई शिवम रहते थे।

घटना के समय सास अपनी बेटी की ससुराल इटावा गई हुई थीं।

देवर शिवम ने बताया कि वह सुबह धान की रोपाई के लिए खेत गया था। जब लौटा तो भाभी को आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला। कमरे में झांककर देखा तो वह फंदे से लटकी थीं। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं नायब तहसीलदार राकेश कुमार गौतम की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कराई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story