नवरात्र मेला सिर पर, जर्जर पुलिया से गड़बड़ाएगा गड़बड़ा धाम का रास्ता

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्र मेला सिर पर, जर्जर पुलिया से गड़बड़ाएगा गड़बड़ा धाम का रास्ता


- चार साल से क्षतिग्रस्त पुल, अस्थाई पुलिया पर गड्ढे और निकली सरिया; हादसे का खतरा

मीरजापुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र मेला नजदीक है, लेकिन गड़बड़ा धाम जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाली दूर नहीं हो सकी है। ड्रमंडगंज-हलिया मार्ग से गड़बड़ा धाम को जोड़ने वाले रास्ते पर गलरा गांव के पास सेवटी नदी पर बना पुल करीब चार साल से क्षतिग्रस्त है। ऐसे में नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

जिला पंचायत की ओर से आवागमन के लिए बगल में अस्थाई पुलिया बनवाई गई है, लेकिन बारिश में इसके क्षतिग्रस्त होने से समस्या बनी हुई है। वर्तमान में पुलिया पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं और सरिया बाहर निकल आई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आए दिन राहगीर और बाइक सवार गिरकर चोटिल होते हैं। रात में स्थिति और खतरनाक हो जाती है। पुलिया पर न तो पर्याप्त रोशनी है और न ही कोई चेतावनी संकेतक लगाया गया है।

अधिवक्ता विश्वनाथ तिवारी, शैलेन्द्र केशरी, फगुनी देवी और सूरज जायसवाल समेत ग्रामीणों ने बताया कि नवरात्र में गड़बड़ा धाम में हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। जर्जर पुलिया के कारण मेले के दौरान जाम के साथ हादसे का खतरा भी बना रहेगा।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और संबंधित विभाग से नवरात्र शुरू होने से पहले पुलिया की मरम्मत, गड्ढों को भरने और पर्याप्त रोशनी व संकेतक की व्यवस्था कराने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story