विंध्य धाम में बनेगा नव दुर्गा पार्क, लाइट एंड साउंड शो से बढ़ेगा धार्मिक पर्यटन
मीरजापुर, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को मीरजापुर आयुक्त सभागार में पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग की प्रस्तावित और निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पर्यटन विकास कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मीरजापुर मंडल की लगभग 48 करोड़ रुपये लागत वाली 18 नई पर्यटन परियोजनाओं पर चर्चा हुई, जिनमें मीरजापुर की 15, भदोही की दो और सोनभद्र की एक परियोजना शामिल है।
बैठक का मुख्य आकर्षण मां विंध्यवासिनी त्रिकोण क्षेत्र के विकास की महत्वाकांक्षी योजना रही। लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से नव दुर्गा पार्क, लाइट एंड साउंड शो, टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर और श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे विंध्याचल आने वाले श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय पर्यटन अनुभव मिलेगा।
मंत्री ने बताया कि मीरजापुर में प्राचीन भगवान शंकर मंदिर, चुनार के शिव मंदिर, शिवपुर स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण और पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। वहीं भदोही के दशहरा मेला स्थल और सीता धाम तथा सोनभद्र के ओबरा स्थित शिव मंदिर के विकास की योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
धर्मार्थ कार्य विभाग ने मां विंध्यवासिनी, अष्टभुजा और कालिखोह मंदिरों को जोड़ने वाली लगभग 43.38 करोड़ रुपये की विंध्य परिक्रमा पथ परियोजना की प्रगति से भी अवगत कराया। मंत्री ने निर्देश दिया कि एक करोड़ रुपये तक की परियोजनाएं नवंबर 2026 तक तथा डेढ़ करोड़ रुपये तक की परियोजनाएं छह माह के भीतर पूरी की जाएं।
बैठक में समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गौड़, विभिन्न विधायक, मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार सहित जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों से नियमित स्थलीय निरीक्षण, सतत निगरानी और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए पर्यटन विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

