राष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह: जागरूकता रैली से किसानों को योजनाओं की दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह: जागरूकता रैली से किसानों को योजनाओं की दी जानकारी


मीरजापुर, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में सहकारिता विभाग की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने पर राष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को जिला सहकारी बैंक परिसर से पटेल चौक, भरूहना तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से किसानों और आमजन को सहकारिता की योजनाओं एवं विभाग की उपलब्धियों से अवगत कराया गया।

रैली में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किसानों से सहकारी संस्थाओं से जुड़कर सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है, जो किसानों को सुलभ ऋण, कृषि निवेश और विभिन्न विकास योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह का उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर बनाना, सहकारी संस्थाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और गांवों के आर्थिक विकास को गति देना है। रैली के दौरान सहकारिता के माध्यम से कृषि क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों और किसानों के हित में संचालित योजनाओं की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर उपायुक्त एवं उप निबंधक (सहकारिता) मीरजापुर-सोनभद्र अमित कुमार पांडेय, जिला सहकारी बैंक के सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजकुमार यादव, उपमहाप्रबंधक मंजूषा सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story