हाईटेंशन लाइन ने छीनी राष्ट्रीय पक्षी की उड़ान

WhatsApp Channel Join Now
हाईटेंशन लाइन ने छीनी राष्ट्रीय पक्षी की उड़ान


- करंट की चपेट में आकर मोर की मौत- तिरंगे में लपेटकर दी गई अंतिम विदाई

मीरजापुर, 14 जुलाई (हि.स.)। जिगना क्षेत्र स्थित 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र परिसर में मंगलवार को करंट की चपेट में आने से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई। घटना से पक्षी प्रेमियों में गहरा दुख और रोष है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मोर को अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।

उप वन क्षेत्राधिकारी (लालगंज) विनयेन्द्र यादव ने बताया कि राष्ट्रीय पक्षी के मृत मिलने की सूचना पर वन दरोगा अवधेश और वन कर्मियों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। राजकीय पशु चिकित्सालय विजयपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रत्नेश की देखरेख में मोर का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद राष्ट्रीय पक्षी को पूरे सम्मान के साथ तिरंगे में लपेटकर वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय परिसर के पास गड्ढा खोदकर दफनाया गया। वन विभाग की इस संवेदनशील पहल की लोगों ने सराहना की।

घटना के बाद पक्षी प्रेमियों ने हाईटेंशन लाइनों के खुले तारों को वन्यजीवों और पक्षियों के लिए बड़ा खतरा बताते हुए उन पर सुरक्षा जाली लगाने की मांग दोहराई। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए होते तो राष्ट्रीय पक्षी की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने विद्युत विभाग से पक्षियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story