सपा कांग्रेस व टीएमसी ने आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया : सुरेश खन्ना

WhatsApp Channel Join Now
सपा कांग्रेस व टीएमसी ने आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया : सुरेश खन्ना


लखनऊ, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री और लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने शुक्रवार को नैमिषारण्य गेस्ट हाउस में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संबंध में पत्रकार वार्ता की। मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि संसद में महत्वपूर्ण विधेयकों का विरोधकर सपा, कांग्रेस, टीएमसी व डीएमके ने आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया है। विपक्षी दलों के इस महिला विरोधी आचरण की मैं निन्दा करता हूँ। कांग्रेस-सपा ने साबित किया कि उनके लिए सत्ता की राजनीति, महिलाओं के अधिकारों से बड़ी है। आने वाले समय में इन दलों को महिलाओं के जनाक्रोश का सामना करना पड़ेगा। वह चुनावी परिणाम को सीधे प्रभावित करने की क्षमता रखती हैं।

उन्होंने कहा कि इस बिल के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सभी दलों के सांसदों से समर्थन की अपील की थी। सुरेश खन्ना ने कहा कि सपा, कांग्रेस व टीएमसी जनता की नजरों में हमेशा के लिए गिर गयी हैं। बिल पास हो जाता तो 2029 के लोकसभा चुनाव में 272 महिलाएं संसद में पहुंच जातीं लेकिन परिवारवादी दल महिलाओं को आरक्षण देना नहीं चाहते। कांग्रेस ने महिला आरक्षण को लंबित रखा। मंडल कमीशन की रिपोर्ट को भी कांग्रेस वर्षों तक दबाये रखी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सपा जैसे दल कोटा के भीतर धर्म आधारित आरक्षण की असंवैधानिक मांग उठाकर प्रक्रिया को टालने की कोशिश कर रहे हैं, जो तुष्टीकरण और ध्यान भटकाने का एक तकनीकी बहाना है। इस पूरे घटनाक्रम से यह स्पष्ट हो गया है कि जब भी महिलाओं को समान भागीदारी देने की बात आती है, तो यह दल राजनीतिक बहानों और देरी की दीवारें खड़ी कर देते हैं। इस मौके पर उनके साथ महापौर सुषमा खर्कवाल, लखनऊ के महानगर भाजपा अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, लखनऊ जिला अध्यक्ष विजय मौर्य, एमएलसी मुकेश शर्मा, लालजी प्रसाद निर्मल व विधायकों में ओपी श्रीवास्तव, जय देवी व डाॅ. नीरज बोरा उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story