नवरात्र में नंदजा देवी धाम में उमड़ रहे श्रद्धालु, मां के दर्शन को पहुंच रहे भक्त

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्र में नंदजा देवी धाम में उमड़ रहे श्रद्धालु, मां के दर्शन को पहुंच रहे भक्त


- फूलों से सजा मां का दरबार, सात वेदपाठी पंडित कर रहे अनुष्ठान

मीरजापुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र के दौरान विंध्याचल क्षेत्र के अरंगी सरपती गांव स्थित ऊंची पहाड़ी पर बने नंदजा देवी धाम में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। मंगलवार की भोर में मां की दिव्य झांकी सजाई गई। बेला, चमेली, गेंदा और गुलाब के फूलों के साथ हरी पत्तियों से मां का भव्य शृंगार किया गया। अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे।

लोकमान्यता के अनुसार, द्वापर युग में अत्याचारी कंस के हाथों से छूटी नंदजा देवी ने इस ऊंची पहाड़ी पर निवास किया। मान्यता है कि उनके हाथ से निकलते ही आकाशवाणी हुई थी कि हे दुष्ट कंस, तू मुझे क्या मारेगा, तेरा संहारक गोकुल में जन्म ले चुका है।

कामाख्या शक्तिपीठ की साध्वी नीलम उमा देव्याम्बा के प्रयास से मंदिर का कायाकल्प कराया गया है। मां की आरती और पूजन के लिए चांदी के पात्र उपलब्ध कराए गए हैं। बाल रूप में विराजमान नंदजा कामाख्या देवी के लिए पालने की भी व्यवस्था की गई है। धाम में सात वेदपाठी पंडित अनुष्ठान और पूजन कर रहे हैं। नवरात्र में मां की दिव्य झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760180 Articles

Share this story