काशी में 'नमो बुक फेस्ट' का शुभारंभ, 25 वर्षों के कार्यकाल से जुड़ी पुस्तकों की प्रदर्शनी

WhatsApp Channel Join Now
काशी में 'नमो बुक फेस्ट' का शुभारंभ, 25 वर्षों के कार्यकाल से जुड़ी पुस्तकों की प्रदर्शनी




—प्रधानमंत्री मोदी पर 500 से अधिक किताबें देखकर आश्चर्यचकित हुईं जापान के पूर्व प्रधानमंत्री की पत्नी

वाराणसी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पदों पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर काशी के सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय ‘नमो बुक फेस्ट’ का बुधवार को शुभारंभ हुआ। फेस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और विभिन्न संवैधानिक पदों पर उनके 25 वर्षों के कार्यकाल से जुड़ी पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई गई है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी ‘नमो बुक फेस्ट’ में पहुंचे। उनके साथ जापान के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. शिंजो आबे की पत्नी अकी आबे भी फेस्ट में शामिल हुई। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखी गई 500 से अधिक किताबों को देखकर अकी आबे ने विशेष रुचि दिखाई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लिखी गई विभिन्न पुस्तकों का अवलोकन किया । फेस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, विचारों, सार्वजनिक दायित्वों और विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान से संबंधित पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया है।

‘नमो बुक फेस्ट’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत सीएमपीपीआर (काउंसिल फॉर मीडिया एंड पब्लिक पॉलिसी रिसर्च) के डायरेक्टर एवं वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव ने किया। दो दिवसीय इस आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े साहित्य और पुस्तकों के माध्यम से उनके 25 वर्षों के संवैधानिक सफर को प्रस्तुत किया जा रहा है। पहले दिन के सत्र में मंथन कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव के विषय प्रवर्तन से हुई। इसके बाद हनुमान अंश की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने अपनी बात रखी। मुख्य पैनल चर्चा मोदी के पच्चीस साल में श्री किशोर मकवाना, अरविंद चतुर्वेदी,मुकेश मोहन गुप्त,डॉ पवन विजय ने हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सफर पर चर्चा की। कार्यक्रम में दिल्ली से आई महिला बाइकर कंचन भी पूरे उत्साह के साथ शामिल हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story