राजस्व वादों के निस्तारण में लापरवाही पर नायब तहसीलदार हलिया को प्रतिकूल प्रविष्टि

WhatsApp Channel Join Now
राजस्व वादों के निस्तारण में लापरवाही पर नायब तहसीलदार हलिया को प्रतिकूल प्रविष्टि


- डीएम ने किया लालगंज तहसील का औचक निरीक्षण, हर पटल व अलमारी की जांच

मीरजापुर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने गुरुवार को लालगंज तहसील का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राजस्व वादों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न किए जाने पर नायब तहसीलदार हलिया के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि देने की कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान डीएम तहसील के प्रत्येक पटल पर पहुंचे और कार्यप्रणाली की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने तहसील परिसर की अलमारियां खुलवाकर फाइलों की जांच की तथा लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व वादों का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए, लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ग्राम सभा लालपुर पहुंचे, जहां पंचायत सचिवालय पर आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने राजस्व, विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह एवं आईएएस बीडीओ अंशुल हिंदल भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जन समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story