भाजपा पार्षद केशव देव कुशवाह निर्विरोध उपसभापति निर्वाचित

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा पार्षद केशव देव कुशवाह निर्विरोध उपसभापति निर्वाचित


भाजपा पार्षद केशव देव कुशवाह निर्विरोध उपसभापति निर्वाचित


फिरोजाबाद, 27 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम के पालीवाल हाल में सोमवार को उपसभापति का चुनाव सम्पन्न हुआ। जिसमें भाजपा के पार्षद केशव देव कुशवाहा निर्विरोध उपसभापति निर्वाचित हुए है। वहीं सपा ने चुनाव को मनमाने तरीके से संपन्न करने का आरोप लगाया है।

नगर निगम के पालीवाल हॉल में उपसभापति पद के लिए सोमवार को निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हुई। इस पद पर भाजपा के पार्षद केशव देव कुशवाह व आशीष दिवाकर ने नामांकन पत्र दाखिल किए। मतदान की तैयारियों के बीच पार्षद आशीष दिवाकर ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। इसके बाद मैदान में केवल केशव देव कुशवाहा ही बचे। नामांकन वापसी के तुरंत बाद, निर्वाचन अधिकारी ने केशव देव कुशवाहा को निर्विरोध उपसभापति निर्वाचित घोषित कर दिया। इस घोषणा के साथ ही भाजपा खेमे में उत्साह नजर आया। नवनिर्वाचित उपसभापति का पार्षदों ने माला पहनाकर स्वागत किया और मिष्ठान वितरित हुआ।

वहीं इस निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर समाजवादी पार्टी ने गंभीर सवाल उठाए हैं। सपा पार्षद मनोज शंखवार ने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में समय का हवाला देकर उनका नामांकन दाखिल नहीं होने दिया गया और उपसभापति पद का चुनाव मनमाने तरीके से कराया गया। उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया की अनदेखी और विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाया। सपा ने इस निर्वाचन का विरोध करते हुए इसे प्रशासनिक निष्पक्षता पर सवालिया निशान बताया है।

भाजपा महापौर कामिनी राठौर ने नवनिर्वाचित उपसभापति केशव देव कुशवाहा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उपसभापति का चुनाव निर्विरोध सम्पन्न होने से नगर निगम विकास कार्यों को नई गति देगा और सभी जनप्रतिनिधि मिलकर शहर के हित में कार्य करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story