मीरजापुर साढ़े 12 लाख दीपों से जगमगाया, घाटों से गांवों तक रोशनी
- फतहा घाट पर गंगा की लहरों और नावों पर भी जले दीप, घरों से मंदिरों तक दिखा दीपोत्सव का नजारा
मीरजापुर, 17 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन गुरुवार को पूरा जनपद दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। नगर से लेकर गांवों तक करीब 12 लाख 50 हजार दीप जलाए गए। लाभार्थियों के घरों, मंदिरों, घाटों, स्कूलों, पंचायत भवनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
फतहा घाट पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज और नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दीप जलाए। घाट पर गंगा की लहरों और नावों पर जलते हजारों दीपों का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा।
जिले में प्रधानमंत्री आवास के 70,851, मुख्यमंत्री आवास के 25,529, वृद्धावस्था पेंशन के 1,08,883 और दिव्यांग पेंशन के 14,786 लाभार्थियों के घरों में दीप जलाए गए। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के घर भी रोशन किए गए।
इसके अलावा 260 अमृत सरोवर, 48 गोशालाएं, 2141 स्कूल, 805 पंचायत भवन, 2668 आंगनबाड़ी केंद्र और 128 अन्नपूर्णा भवनों में भी दीप जलाए गए। मां विंध्यवासिनी, अष्टभुजा और कालीखोह मंदिर समेत प्रमुख मंदिरों, घाटों और अन्य स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह केवल दीपोत्सव नहीं, बल्कि सेवा और जनकल्याण के संकल्प का प्रतीक है। दीपों की रोशनी लोगों के जीवन में खुशहाली और उम्मीद का संदेश देती है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

