लूसा स्टेशन पर मूरी एक्सप्रेस का ठहराव शुरू, हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई ट्रेन

WhatsApp Channel Join Now
लूसा स्टेशन पर मूरी एक्सप्रेस का ठहराव शुरू, हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई ट्रेन


मीरजापुर, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में सांसद मीरजापुर एवं केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल के प्रयासों से मंगलवार रात लूसा रेलवे स्टेशन पर मूरी एक्सप्रेस का नियमित ठहराव शुरू हो गया। शुभारंभ के अवसर पर उनके रेलवे प्रतिनिधि एवं चिकित्सा मंच के राष्ट्रीय सचिव डॉ. एसपी पटेल ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।

मूरी एक्सप्रेस के ठहराव शुरू होने से मड़िहान क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब टाटानगर, जम्मू तवी समेत विभिन्न प्रमुख शहरों की यात्रा के लिए क्षेत्रवासियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही मड़िहान क्षेत्र से प्रतिदिन मीरजापुर और प्रयागराज आने-जाने वाले विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों तथा अन्य यात्रियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर डॉ. एसपी पटेल ने कहा कि यह सुविधा केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल की जनहित के प्रति प्रतिबद्धता और लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए भविष्य में भी इसी तरह प्रयास जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में वंशनारायण सिंह पटेल, रविशंकर सिंह पटेल, उदय पटेल, सालिक सिंह पटेल, सुनील सिंह पटेल, रामलखन पटेल, महेश कोल, हनीफ खान, स्टेशन अधीक्षक एस.के. अकेला, रवि वर्धन, अमित आनंद सहित रेलवे विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने मूरी एक्सप्रेस के ठहराव को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल के प्रति आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story