सार्वजनिक अवकाश पर भी नगर निगम का मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान

WhatsApp Channel Join Now
सार्वजनिक अवकाश पर भी नगर निगम का मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान


कानपुर, 04 जनवरी (हि.स.)। शासन की मंशा के अनुरूप एवं नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के निर्देशों के अनुपालन में कानपुर नगर निगम द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाये रखने के उद्देश्य से तीन व चार जनवरी को मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान सार्वजनिक अवकाश के दिन भी निरंतर संचालित किया गया।

नगर निगम के विभिन्न जोनों में स्थित 45 से अधिक चिन्हित मलिन बस्तियों में गहन सफाई कार्य कराया गया। अभियान प्रतिदिन प्रातः 6 छह बजे से अपराह्न दो बजे तक लगभग आठ घंटे तक चला। इस दौरान करीब 750 से अधिक सफाई कर्मचारियों के साथ 60 से अधिक सुपरवाइजरों एवं स्वास्थ्य निरीक्षकों की तैनाती की गई।

सफाई कार्य के लिए डंपर, ट्रैक्टर-ट्रॉली, जेसीबी मशीनों सहित अन्य आवश्यक संसाधनों का समुचित उपयोग किया गया। अभियान के अंतर्गत नालियों की गहन सफाई, कूड़ा-कचरा उठान, सड़कों व गलियों की झाड़ू, झाड़ियों एवं अवैध कचरा ढेरों का हटान तथा जलभराव संभावित स्थलों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर कराया गया।

यह विशेष अभियान कल्याणपुर मलिन बस्ती, बगाही बस्ती, जरीब चौकी क्षेत्र, ग्वालटोली मलिन क्षेत्र, नौबस्ता बस्ती, बाबूपुरवा, चमनगंज एवं किदवई नगर सहित अन्य क्षेत्रों में प्रभावी रूप से संचालित किया गया।

अभियान के दौरान संबंधित जोनल अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर कार्यों की सतत निगरानी करते रहे और यह सुनिश्चित किया गया कि सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण हों। सफाई उपरांत कूड़े का नियमानुसार निस्तारण भी सुनिश्चित कराया गया।

कानपुर नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, खुले में कूड़ा न डालें तथा कूड़ा निर्धारित स्थानों एवं कूड़ा वाहनों में ही दें, जिससे शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाया जा सके। नगर निगम द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष स्वच्छता अभियानों को चरणबद्ध रूप से जारी रखा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story