मुख्यमंत्री पीएम आवास योजना के 568 लाभार्थियों को सौंपेंगे चाबी

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री पीएम आवास योजना के 568 लाभार्थियों को सौंपेंगे चाबी


फिरोजाबाद, 21 जून (हि.स.) फिरोजाबाद में मुख्यमंत्री सोमवार को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत बने 568 आवासों में पात्रों का गृह प्रवेश कराएंगे। इसके साथ ही अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। रविवार को मंडलायुक्त सहित अन्य आला अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फिरोजाबाद जनपद की विधानसभा टूंडला के गांव उसायनी में सोमवार को प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना का लोकार्पण करने आयेंगे। इस दौरान वह 568 आवासों की चाबियां सौंपेंगे। केंद्र सरकार ने शहरी बेघर लोगों के लिए उसायनी गांव के निकट इन आवासों का निर्माण कराया है। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री जनपद में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे। उनके आगवन को लेकर जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप ने आयोजन स्थल, हेलीपैड और मंच का निरीक्षण किया। उन्होंने हेलीपैड के आसपास उड़ रही धूल पर मिट्टी डालने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने अधिकारियों की मीटिंग कर उन्हें उनकी ड्यूटी समझाते हुए सतर्क रहने को कहा।

कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा और सुरक्षा में चूक से बचने के लिए जगह-जगह बैरियर लगाए जा रहे हैं। वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं और एक वाटरप्रूफ पंडाल भी तैयार किया गया है।

मुख्यमंत्री एसआईआर फॉर्म भरवाने वाले कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे, जिसके लिए एक अलग पंडाल बनाया गया है। टूटी सड़कों की मरम्मत और बिजली के खंभों की रंगाई-पुताई जैसे कार्य भी किए गए हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री करोड़ों रुपये की योजनाओं का शुभारंभ करने के साथ ही पीएम आवास शहरी योजना का लोकार्पण करेंगे। वह कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story