मीरजापुर में गरजे मुकेश सहनी, बोले- भाजपा को सिर्फ सत्ता की चिंता

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर में गरजे मुकेश सहनी, बोले- भाजपा को सिर्फ सत्ता की चिंता


- निषाद आरक्षण को लेकर संजय निषाद को दी छह महीने की चुनौती

मीरजापुर, 14 मई (हि.स.)। विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने गुरुवार को भाजपा पर तीखा हमला बोला। बथुआ रोड स्थित रामकृष्ण वाटिका में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन और प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य जनता की भलाई नहीं, बल्कि केवल सत्ता हासिल करना है।

उन्होंने निषाद आरक्षण के मुद्दे पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पिछले 11 वर्षों से यूपी में निषाद समाज के आरक्षण की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी लड़ाई के कारण भाजपा ने बिहार में उनके विधायकों को तोड़ लिया था।

मुकेश सहनी ने संजय निषाद को चुनौती देते हुए कहा कि यदि छह महीने के भीतर भाजपा से निषाद समाज को आरक्षण नहीं दिला पाते हैं तो भाजपा छोड़कर इंडिया गठबंधन में आ जाएं। उन्होंने कहा कि संजय निषाद समाज और अधिकार की लड़ाई लड़ें।

वीआईपी प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा संजय निषाद की राजनीतिक हत्या करने की तैयारी में है और 2027 के चुनाव में उन्हें किनारे कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संजय निषाद और मुकेश सहनी दोनों ही निषाद समाज के समर्थन से नेता बने हैं।

उन्होंने घोषणा की कि वीआईपी 25 जुलाई से 101 दिन की यात्रा निकालेगी और प्रदेशभर में लोगों को जागरूक करेगी। साथ ही आगामी चुनाव में पूरी ताकत से उतरने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी को जितनी सीटें मिलेंगी, उनमें 90 प्रतिशत टिकट निषाद समाज के लोगों को दिए जाएंगे।

कार्यक्रम में राजा राम बिंद, अच्छेलाल निषाद, रमेश केवट, राजेश निषाद, शैलेश निषाद और शिव चरण बिंद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story