सांसद वीरेंद्र सिंह ने सुनी किसानों की समस्या, मुख्यमंत्री को ज्ञापन देंगे किसान

WhatsApp Channel Join Now
सांसद वीरेंद्र सिंह ने सुनी किसानों की समस्या, मुख्यमंत्री को ज्ञापन देंगे किसान


वाराणसी, 10 सितम्बर (हि. स.)। समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने गुरुवार को वाराणसी स्थित आवास पर बड़ी संख्या में आए किसानों से वार्ता कर भारी बारिश के कारण उत्पन्न उनकी समस्याओं को सुना। सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चंदौली और वाराणसी के किसानों के मुद्दे पर ज्ञापन देने के लिए हजारों किसानों के साथ वह कदम से कदम मिलाकर चलेंगे।

सांसद वीरेंद्र ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने सदैव ही किसानों के हित के लिए काम किया है। हमारे नेता मुलायम सिंह यादव धरतीपुत्र कहलाते थे। किसानों के मुद्दे को गंभीरता से सुनने वाली पार्टी आज भी समाजवादी पार्टी ही है।

भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन आपस में टकरा रहे हैं और धुँआ भी दे रहे हैं। जिन विकास कार्यों का दावा हो रहा है, उनमें गड्ढे हो गए हैं। बारिश से शहर में जगह-जगह पानी लगा हुआ है और किसानों की फसल खराब भी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story