देवरिया में 31 जुलाई को लगेगा मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल पात्रता परीक्षण शिविर

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया में 31 जुलाई को लगेगा मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल पात्रता परीक्षण शिविर


देवरिया, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग एवं एलिम्को, कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में एडिप योजना के अंतर्गत मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल के लिए पात्र दिव्यांगजनों के चिन्हांकन के लिए 31 जुलाई 2026 को विकास भवन परिसर में पात्रता परीक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।

यह जानकारी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रियंका चौधरी ने गुरुवार को दी।

उन्होंने बताया कि शिविर में केवल वही दिव्यांगजन पात्र होंगे जिनकी दिव्यांगता 80 प्रतिशत या उससे अधिक है तथा जिन्होंने पिछले पांच वर्षों के दौरान विभाग से किसी प्रकार का सहायक उपकरण प्राप्त नहीं किया है। ऐसे पात्र लाभार्थियों का परीक्षण कर उन्हें योजना के तहत चिन्हित किया जाएगा। उन्होंने जनपद के सभी पात्र दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपना चिन्हांकन कराएं, ताकि उन्हें सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले लाभार्थियों को अपने साथ आय प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड तथा दिव्यांगता प्रमाण-पत्र की मूल प्रति अनिवार्य रूप से लानी होगी। आवश्यक अभिलेखों के अभाव में पात्रता परीक्षण की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य पात्र दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है, जिससे उनकी आवाजाही सुगम हो सके और वे आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story