हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर
मीरजापुर, 23 सितंबर (हि.स.)। अदलहाट थाना क्षेत्र में वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बुधवार शाम हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सिकिया गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया।
सिरसी बघेल, कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी आनंद कुमार (25) अपने साथी जितेंद्र कुमार (27) के साथ बुधवार शाम बाइक से अदलहाट से वाराणसी की ओर जा रहे थे। सिकिया पेट्रोल पंप के पास हाईवा की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में आनंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा। हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने हाईवा को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
थानाध्यक्ष बैद्यनाथ सिंह ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

