हाइवा से कुचलकर बाइक सवार की मौत, पिता-पुत्र गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
हाइवा से कुचलकर बाइक सवार की मौत, पिता-पुत्र गंभीर


मीरजापुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र स्थित नरायनपुर चौकी अंतर्गत वाराणसी-मीरजापुर हाईवे पर नई बस्ती शेरपुर के सामने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक हाइवा छोड़कर फरार हो गया।

नरायनपुर चौकी इंचार्ज आशीष सिंह के अनुसार, बिहार के रोहतास निवासी जोगेंद्र सिंह (51), उनके भाई प्रेमचंद सिंह (52) और जोगेंद्र का बेटा अंकित (14) बाइक से घर जा रहे थे। नई बस्ती शेरपुर के सामने गलत दिशा से आ रही दूसरी बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। तीनों सड़क पर गिर पड़े, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में प्रेमचंद की मौके पर मौत हो गई, जबकि जोगेंद्र और अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से वाराणसी भेजा और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। हाइवा कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765361 Articles

Share this story