गिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत

WhatsApp Channel Join Now
गिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत


मीरजापुर, 30 जुलाई (हि.स.)। अहरौरा थाना क्षेत्र के अहरौरा-जमुई मार्ग पर रोशनहर गांव के सामने गुरुवार देर शाम गिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र स्थित कोटा परासी गुरमुला गांव निवासी 28 वर्षीय मनोज कुमार पुत्र शिवदास एक क्रशर प्लांट में कार्यरत था। वह बाइक से अहरौरा स्थित प्लांट जा रहा था। रात करीब सवा आठ बजे रोशनहर गांव के सामने सामने से आ रही गिट्टी लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्रशर प्लांट के कर्मचारियों ने आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दे दी।

थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story