महा अष्टमी पर महागौरी रूप में सजी मां शीतला, भोर से उमड़ा आस्था का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
महा अष्टमी पर महागौरी रूप में सजी मां शीतला, भोर से उमड़ा आस्था का सैलाब


मीरजापुर, 26 मार्च (हि.स.)। वासंतिक नवरात्र की महा अष्टमी पर उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला माता धाम में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। महागौरी स्वरूप में सजी मां के दर्शन के लिए भोर से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। चार बजे मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट खुलते ही “जय माता दी” के जयकारों से पूरा धाम गूंज उठा।

मां का श्रृंगार श्वेत पुष्प, अड़हुल और गुलाब से भव्य रूप में किया गया। नारियल, केला, खीर सहित विभिन्न प्रसादों का भोग अर्पित कर भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना की। पूर्वांचल के वाराणसी, भदोही, जौनपुर, चंदौली, सोनभद्र, गाजीपुर और बलिया के साथ ही बिहार, झारखंड, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद मां के दरबार में हाजिरी लगाई।

गर्भगृह तक पहुंचने के लिए लंबी कतारों में लगे श्रद्धालु नारियल, चुनरी, माला-फूल, लाची दाना, बेसन के लड्डू और पेड़ा लेकर मां को अर्पित करते नजर आए। मंदिर के पुजारियों ने सुव्यवस्थित ढंग से दर्शन-पूजन कराते हुए श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन किया। महा अष्टमी के अवसर पर पूरी रात दर्शन-पूजन का क्रम जारी रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद दिखा। सीओ मंजरी राव, तहसीलदार इवेंद्र कुमार, कोतवाल विजय शंकर सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने मंदिर परिसर और गंगा घाट का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story